फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मक्खन खाने के शौकीन जरा ध्यान दें, हर जगह धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है फैट स्प्रेड

Sat, 02 Sep 2017 12:36 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
डेमो प‌िक
विज्ञापन
अगर आप मक्खन खाने के शौकीन हैं तो जरा सावधान हो जाएं। ऐसा इसलिए क्योंकि राजधानी में बटर के नाम और दाम पर घटिया गुणवत्ता का फैट स्प्रेड धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। धंधेबाज डिब्बे पर मोटे शब्दों में अब बटर को भूल जाओगे का स्लोगन लिखकर वनस्पति घी से तैयार फैट स्प्रेड बेचकर दोगुने तक मुनाफा कमा रहे हैं। 
विज्ञापन


वहीं, एफएसडीए के जिम्मेदार पैकेजिंग एक्ट के खुल्लम खुल्ला उल्लंघन के बाद भी इसकी रोकथाम को लेकर बेखबर बने हैं। फैट स्प्रेड की पैकिंग बटर के प्रमुख ब्रांड से इस हद तक मिलती रखी जाती है कि आम उपभोक्ता धोखा खा जाता है। 

धंधेबाज बटर की कीमत पर ही दो से लेकर पचास ग्राम तक की पैकिंग में फैट स्प्रेड बेच रहे हैं। वहीं, जब कोई दुकानदार से आपत्ति जताता है तो वह छोटे व आसानी से न पढ़े जाने वाले शब्दों में लिखे फैट स्प्रेड को लिखा दिखाकर अपनी गलती मानने से इंकार कर देता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

जानें, इसे खाने से क्या है नुकसान

मक्खन
अलग-अलग नाम से सप्लाई होने वाला फैट स्प्रेड मुख्य तौर पर वनस्पति घी से तैयार होता है। इसमें मिल्क कंटेंट के नाम पर कुछ नहीं होता। इस कारण एफएसडीए एक्ट में भी इसे बतौर मिल्क प्रोडक्ट की तरह बेचना सख्ती के साथ प्रतिबंधित कर कार्रवाई के दायरे में बताया गया है। अगर कोई दुकानदार किसी ग्राहक को बिना जानकारी के इसे बटर बताकर बेचता है तो उसके खिलाफ पैकेजिंग एक्ट के उल्लंघन का मामला दर्ज कर कार्रवाई का प्रावधान है।

चाय, छोटे होटलों में धड़ल्ले से इस्तेमाल
रोकथाम न होने से चारबाग, आलमबाग, बंग्लाबाजार, सदर, कैसरबाग, इंदिरा नगर व गोमती नगर सहित प्राय: सभी इलाकों में चाय की दुकानों से लेकर फुटकर परचून की दुकानों में अलग-अलग ब्रांड के नाम के साथ फैट स्प्रेड स्लाइस को ही दुग्ध बेस बटर स्लाइस बताकर 35 से 40 रुपये में बेचा जा रहा है। वास्तविक तौर पर इसकी कीमत 14 से 16 रुपये है। चाय की दुकान और छोटे होटलों में विशेष तौर पर बटर के नाम पर फैट स्प्रेड का इस्तेमाल आसानी से पकड़ा जा सकता है।

नियमित सेवन सेहत पर भी भारी
बटर के नाम पर बाजार में खपाए जा रहे फैट स्प्रेड का नियमित सेवन सेहत को जानलेवा स्तर तक नुकसान पहुंचा सकता है। नेचुरल दुग्ध जनित मक्खन की जगह वनस्पति घी से तैयार किया जाने वाला फैट स्प्रेड शरीर में फैट के साथ खराब कोलेस्ट्राल की मात्रा को बढ़ाकर हृदय रोग का खतरा कई गुना बढ़ा देता है। नियमित तौर पर इसका सेवन बटर के मुकाबले दिल तक रक्त पहुंचाने वाली धमनियों में हार्ट अटैक को जिम्मेदार ब्लाकेज बनाता है।
डा. राकेश सिंह, वरिष्ठ कार्डिक फिजिशियन

वनस्पति घी से तैयार फैट स्प्रेड को बटर स्लाइस के धोखे में महंगे दाम पर बेचना सीधे तौर पर पैकेजिंग एक्ट के उल्लंघन के दायरे में आता है। इसे गंभीरता से लेते हुए विभागीय स्तर पर जल्द एफएसओ की टीम बनाकर गड़बड़ी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सर्वे सर्विलॉस अभियान शुरू कर  इसकी रोकथाम को कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें