लखनऊ। जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर से शुरू होगा। इसके तहत 30 नवंबर तक लोग ऑनलाइन स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक कर्मचारी घर-घर जाकर परिवारों की गणना करेंगे। इस कार्य के लिए शहर में 10,467 प्रगणक और सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे। तैयारियों को लेकर शुक्रवार रात नगर आयुक्त गौरव कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई।
नगर आयुक्त ने बताया कि स्वगणना के लिए https://se.census.gov.in पोर्टल उपलब्ध कराया गया है। यह प्रक्रिया वैकल्पिक है। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर प्रगणक पहुंचकर विवरण जुटाएंगे। उन्होंने लोगों से सही और पूरी जानकारी देने की अपील की। साथ ही आगाह किया कि जनगणना कर्मियों के साथ बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी साझा न करें।
40 सवालों के देने होंगे जवाब
जनगणना की प्रश्नावली में कुल 40 सवाल होंगे। इनमें परिवार के सदस्यों का नाम, उम्र, लिंग, शिक्षा और रोजगार संबंधी जानकारी शामिल होगी। सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1855 और व्हाट्सएप चैटबॉट 18001801855 उपलब्ध रहेंगे।
ऐसे करें स्वगणना
पोर्टल पर उत्तर प्रदेश और अपनी पसंदीदा भाषा चुनें। मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करें। डिजिटल मानचित्र पर अपने घर की स्थिति दर्ज करें। परिवार के मुखिया और सभी सदस्यों का विवरण भरें। जानकारी जांचकर फॉर्म सबमिट करें और स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) सुरक्षित रखें। एक दिसंबर से जब कर्मचारी घर पहुंचेंगे तो उन्हें एसईआईडी दिखाकर दर्ज जानकारी का सत्यापन करा सकेंगे।