सआदतगंज तिहरा हत्याकांड
आरोपी के घर से असलहे और कारतूस मिलने के बाद सक्रिय हुई पुलिस
आरोपियों को गिरफ्तार कर शांत बैठ गई थी पुलिस, नहीं की थी घर की छानबीन
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। सआदतगंज तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर अवैध असलहे और बड़ी संख्या में कारतूस मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अब आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर असलहों के बारे में पूछताछ करेगी। इस मामले में सआदतगंज थाने में तैनात दरोगा आलोक कुमार ने ऋषभ, उसके चाचा राजेश कुमार शुक्ला और गिरीश कुमार शुक्ला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एफआईआर के मुताबिक आरोपियों के घर से सिंगल बैरल बंदूक, एयरगन राइफल, अर्धनिर्मित एयरगन, 45 कारतूस, देसी रिवाल्वर और एक तमंचा बरामद किया गया था। ऋषभ पर अवैध असलहों की तस्करी के आरोप भी लगे थे। पुलिस ऋषभ की कॉल डिटेल के जरिये यह पता लगाएगी कि आरोपी को किन लोगों ने असलहे मुहैया कराए थे। शिवाजी के रिश्तेदार अनिल अवस्थी ने कहा कि आरोपियों को फांसी की सजा होनी चाहिए। परिजनों ने कहा कि अगर वारदात के बाद पुलिस आरोपी के घर की तलाशी लेती तो असलहे उसी समय बरामद हो सकते थे। लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर शांत बैठ गई। इस घटना में एक बार फिर पुलिसकर्मियों की लापरवाही उजागर हुई है।
ये है मामला
26 अक्तूबर को सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में पार्किंग के विवाद में ऋषभ ने पड़ोस में रहने वाले शिवाजी तिवारी, उनके भाई शंभू तिवारी और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में ऋषभ, राजेश, गिरीश, दिनेश, मुन्ना बाबू, दिव्या प्रिया और अदिति के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।