लखनऊ। खरीफ-2026 सीजन में कृषि विभाग की सभी योजनाओं में बीज वितरण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब पहले आओ–पहले पाओ व्यवस्था के बजाय ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों को बीज आवंटित किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह ने बताया कि सामान्य बीज व मिनी किट के वितरण के लिए प्रमाणित व संकर बीज की बुकिंग पोर्टल (https://agriculture.up.gov.in) पर शुरू हो चुकी है। इसकी अंतिम तिथि 10 मई है।
उन्होंने बताया कि किसान आवश्यकता के अनुसार पोर्टल पर बीज की बुकिंग कर सकते हैं। अंतिम चयन ई-लॉटरी के जरिये होगा। विभाग ने अधिक से अधिक किसानों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि खरीफ सीजन के लिए बीज लिया जा सके। इस संबंध में सभी कृषि अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाए।