मलिहाबाद के दतली गांव में बनी जहरीली शराब से छह और मौतें होने के साथ ही मरने वालों का आंकड़ा 45 पहुंच गया। इनमें से मलिहाबाद के चार और उन्नाव के दो युवक शामिल हैं। अस्पतालों में 90 लोग अब भी उपचार करा रहे हैं। वहीं ट्रॉमा सेंटर में भर्ती 20 मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जहरीली शराब का असर कम नहीं हो रहा। ट्रॉमा सेंटर में आठ लोग वेंटिलेटर पर रखे गए हैं। चिकित्सकों का कहना है कि वेंटिलेटर से मरीजों के हटने का सिलसिला थम नहीं रहा। आठ मरीज डिजास्टर वार्ड में हैं। किसी मरीज के हटते ही डिजास्टर वार्ड में भर्ती मरीज को यहां शिफ्ट कर दिया जाता है।
वहीं, डीएम राजशेखर और सीएमओ ने केजीएमयू पहुंचकर मरीजों के उपचार का निरीक्षण किया। डॉक्टरों को सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एएसपी ग्रामीण हबीबुल हसन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद आठ शव मलिहाबाद लाए गए जिनका अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
उधर, सांसद मोहनलालगंज कौशल किशोर ने पीड़ित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था की। पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने शवों का अंतिम संस्कार कराने के साथ ही प्रभावित परिवारों को 20 किलो चावल, 20 किलो आटा, ढाई किलो दाल और नमक के पैकेट वितरित किए।