यूपी विधानमंडल के आगामी सत्र के दौरान आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। विधानभवन के अलावा शासन ने एनेक्सी, योजना भवन, बापू भवन, लोकभवन व विकास भवन के आसपास भी सतर्कता बढ़ाने को कहा गया है। इस संबंध में सचिवालय प्रशासन विभाग ने मुख्य सुरक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है।
विधानमंडल का पहला सत्र 15 मई से आहूत हो रहा है। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ समेत सभी मंत्री-विधायक शामिल होंगे। सचिवालय प्रशासन विभाग ने इस दौरान आतंकी हमले की आशंका जताते हुए प्रशिक्षित पुलिस बल, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), फायर ब्रिगेड के वाहन, एंबुलेंस, अनुभवी डॉक्टरों की टीम की व्यवस्था करने को कहा है।
सत्र के दौरान कौन लोग किस गेट से प्रवेश करेंगे, यह तय कर दिया गया है। वाहनों के प्रवेश मार्ग, पार्किंग के स्थानों पर अच्छी तरह से एंटीसबोटॉज चेक, एंटीमाइंस चेक समेत सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की हिदायत दी गई है।