लखनऊ। गोमतीनगर में मरीन ड्राइव स्थित फूड वैली में दुकानदार ने स्टाफ के साथ मिलकर सिक्योरिटी गार्ड की पिटाई कर दी। गोमतीनगर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दुर्बेश कुमार तिवारी एमजीवी एंड हैचलेट बैचलर्स प्रा.लि. कंपनी में जीएम हैं। दुर्बेश के अनुसार मरीन ड्राइव में उनकी कंपनी फूड वैली का संचालन करती है। कंपनी के कर्मचारी दुकानदारों को साफ-सफाई और संचालन से जुड़े नियमों के बारे में बताते हैं। 21 दिसंबर को शाम सात बजे फूड वैली परिसर स्थित चोको-लोको दुकान के मालिक मो. जीशान को सिक्योरिटी गार्ड नियमों के बारे में बता रहा था। आरोप है कि इस बात से जिशान आग बबूला हो गया और गार्ड से गाली-गलौज करने लगा। विरोध पर आरोपी दुकानदार ने स्टाफ मो. मोइन, अनवर और मो. फैज के साथ गार्ड पर रॉड से हमला कर दिया। गार्ड को गंभीर चोटें आईं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने मामले का पूरा वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।