लखनऊ। बीबीडी इलाके में 23 अगस्त को सिक्योरिटी गार्ड ने साथियों के साथ ग्रीन सिटी टावर सात स्थित फ्लैट में रायबरेली निवासी आरव सिंह को पीट दिया। गार्ड पर लूट का भी आरोप है। पीड़ित ने बीबीडी थाने में बुधवार को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
आरव ने बताया कि उनका दोस्त उसी टावर में फ्लैट संख्या 1004 में रहता है। 23 अगस्त को वह उसी दोस्त से मिलने उसके अपार्टमेंट पर पहुंचे थे, जहां सिक्योरिटी गार्ड उनसे विवाद करने लगा। आरोपी के गाली-गलौज करने पर उन्होंने विरोध जताया और फ्लैट पर चले गए। कुछ देर बार सिक्योरिटी गार्ड अपने साथियों के साथ दोस्त के फ्लैट में घुस आया और लाठी-डंडों व रॉड से पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड ने तीन तोलेे की सोने की चेन और पर्स लूट लिया। पिटाई से उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में काफी चोटें आ गईं। इलाज कराने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।