लखनऊ। मानकनगर के कनौसी पुल के पास नहर में मिले दूसरे युवक के शव की पहचान शुक्रवार को हरिओम गौड़ (32) के रूप में हुई। शव की पहचान हरिओम के पास मिले मोबाइल फोन की मदद से हुई। बृहस्पतिवार को पहले शव की पहचान कृष्णानगर के कनौसी निवासी प्रिंस (22) के रूप में हुई थी।
एसओ मानकनगर अजीत कुमार के मुताबिक, हरिओम मूलरूप से महराजगंज के शनिचरहिया बाजार, फरेंदा के रहने वाले थे। वह कृष्णानगर में किराये के मकान में रहकर पुताई का काम करते थे। बुधवार सुबह नहर के रेगुलेटर में शव मिलने के बाद पुलिस को उसके पास मोबाइल मिला था। बृहस्पतिवार देर रात मोबाइल के जरिये हरिओम के भाई रिंकू से संपर्क हुआ। शुक्रवार दोपहर रिंकू परिजनों के साथ महराजगंज से पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की। हरिओम छह भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
यह है पूरा मामला
सोमवार रात कनौसी पुल के पास दो युवकों के नहर में कूदने की सूचना पुलिस को मिली थी। सोमवार और मंगलवार को एसडीआरएफ के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन दोनों का पता नहीं चला। बुधवार सुबह रेगुलेटर में दोनों के शव फंसे मिले। उस समय पहचान नहीं हो सकी थी। बृहस्पतिवार सुबह प्रिंस की पहचान परिजनों ने की थी।