लखनऊ। दीनदयाल कैशलेस योजना के तहत जिले के सरकारी अस्पताल में दूसरी सफल सर्जरी हुई है। ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल में हुए इस ऑपरेशन के बारे में सीएमएस का कहना है कि यह लखनऊ का पहला अस्पताल है, जहां योजना के तहत दो ऑपरेशन किए गए हैं।
सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि शिवपुरी पावर हाउस के पास रहने वाले गया बक्श सिंह (76) दो साल पहले हादसे में जख्मी हो गए थे। उनकी फीमर की हड्डी टूट गई थी। हड्डी के बीच में गैप आ गया था। इससे करीब 10 सेमी पैर भी छोटा हो गया। काफी इलाज के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली तो 15 दिन पहले वह अस्पताल की ओपीडी में आए थे। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. राजेश प्रजापति ने इलिजारोव तकनीक (हड्डी बढ़ाने का काम) से गैप भरने के लिए ऑपरेशन किया। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि मरीज का इलाज पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत निशुल्क किया गया। दावा है कि जिले के अन्य किसी भी अस्पताल में इस योजना के तहत ऑपरेशन नहीं हुए हैं।