लखनऊ। गुडंबा पुलिस ने बृहस्पतिवार को विवेक सिंह (42) की मौत में मिश्रपुर स्थित अल्फा विजन नशामुक्ति केंद्र की प्रभारी डॉक्टर समेत तीन लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। विवेक के पिता शाहजहांपुर निवासी राजेश्वर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
राजेश्वर सिंह के मुताबिक, बेटा विवेक (42) शराब का लती था। छह माह पहले उन्होंने बेटे को कुर्सी रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। केंद्र की प्रभारी डॉ. श्रुतकीर्ति राय ने बेटे के ठीक होने का आश्वासन दिया था। राजेश्वर का आरोप है कि समय से फीस का भुगतान करने के बाद भी उन्हें बेटे से मिलने नहीं दिया जाता था। दो जून को केंद्र के कर्मचारी ने बेटे को हार्ट अटैक पड़ने की सूचना दी थी। वह जब गुडंबा सीएचसी पहुंचे तब तक बेटे की मौत हो चुकी थी। राजेश्वर का आरोप है कि बेटे के चेहरे, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।