लखनऊ। सीतापुर रोड प्रियदर्शनी कॉलोनी में सोमवार की देर रात ट्रांसफार्मर की तकनीकी खराबी के चलते बिजली जाने से उपभोक्ता परेशान रहे। कई उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत 1912 पर दर्ज कराई, जिसके बाद मंगलवार को मुख्य अभियंता ने इंजीनियरों को फटकार लगाई है।
शिकातकर्ताओं का आरोप था कि बिजली जाने के बाद जब पावरहाउस में फोन किया गया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद मंगलवार को जानकीपुरम के मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने जीएसआई बिजली घर का निरीक्षण किया। उन्होंने फोन न उठाने वाले एसडीओ और अवर अभियंता को फटकार लगाई और सभी व्यवस्थाएं पहले से ही दुरुस्त करके रखने के निर्देश दिए।
सीतापुर रोड की प्रियदर्शनी कॉलोनी में सोमवार रात को साढ़े दस बजे ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ गया। इस दौरान पूरी कॉलोनी की बिजली गुल हो गई और अंधेरा पसर गया। गर्मी होने से उपभोक्ताओं ने अधिकारियों के फोन घनघनाने शुरू कर दिए। 1912 पर भी फोन कर बिजली न आने की सूचना दी। वहीं, गर्मी की वजह से उपभोक्ता सड़कों पर निकल आए। उपभोक्ताओं ने चीफ इंजीनियर को फोन करके इसकी सूचना दी जिसके करीब एक घंटे के बाद ट्रांसफार्मर का फ्यूज ठीक करके व्यवस्था बहाल की गई।