लखनऊ। पारा इलाके में शुक्रवार सुबह ई रिक्शे की टक्कर से स्कूटी सवार सचिन शर्मा (20) की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ई रिक्शा छोड़कर भाग गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। हादसे के वक्त सचिन हेलमेट पहने हुए थे।
हरदोई के शाहबाद निवासी सचिन सोलर पैनल लगाते थे। चचेरे भाई अनूप शर्मा के अनुसार सचिन पारा के हंसखेड़ा इलाके में किराये के मकान में रहते थे। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह 11 बजे सचिन बाइक से हंसखेड़ा स्थित सिंधी कॉलोनी में पैनल लगाने जा रहे थे। इस बीच चुन्नूखेड़ा के पास तेज रफ्तार ई रिक्शा की उनकी स्कूटी से टक्कर हो गई। हादसे में घायल सचिन वहीं गिर पड़े। ई रिक्शा चालक भाग निकला।
लोगों की सूचना पर पहुंची पारा पुलिस ने सचिन को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मोबाइल व दस्तावेज से पुलिस ने सचिन की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। हंसखेड़ा निवासी ई रिक्शा चालक शिवम दीक्षित को हिरासत में लिया गया है। सचिन के परिवार में पिता सुरेंद्र शर्मा, मां कृष्णा देवी, भाई अनुज शर्मा व बहनें दुर्गा और मीनू हैं।