असहनीय दर्द से पीड़ित लोगों को अब दर्द निवारक दवा खाने के नाम से डर नहीं लगेगा। वैज्ञानिक अब दर्द की साइड इफेक्ट रहित दवा की खोज की दिशा में काफी आगे बढ़ गए हैं।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों ने ऐसी दर्द निवारक दवा की खोज की दिशा में सफलता हासिल कर ली है जो मानव के शरीर को हानि नहीं पहुंचाएगी।
डॉक्टर्स एवं आमजन की धारणा है कि दर्द निवारक दवा असहनीय दर्द से छुटकारा तो दिलाती है साथ ही यह शरीर में मौजूद ऐंजाइम को भी नष्ट कर देती हैं। इसके कारण ही अल्सर, ट्यूमर व कैंसर जैसी बीमारी जन्म लेती हैं।
इलाहाबाद विवि के रसायन विज्ञान के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. एके श्रीवास्तव के नेतृत्व में शोधार्थियों ने दर्द के कारण व दर्द निवारक दवाओं के साइड इफेक्ट के बारे में अध्ययन किया तो पाया कि शरीर में पाए जाने वाले दो एंजाइम काक्स-1 व काक्स-2 पाए जाते हैं, एक लाभदायक तो दूसरा हानिकारक और दर्द का कारक होता है।
काक्स-1 शरीर में होने वाले दर्द का कारक होता है, काक्स-2 शरीर को गंभीर बीमारियों से बचाता है। दोनों एंजाइम की संरचना एक जैसी होने के कारण दर्द निवारक दवा इन दोनों एंजाइम को नष्ट कर देता है।
प्रो. श्रीवास्तव ने बताया कि जब व्यक्ति असहनीय दर्द से पीड़ित होने पर दर्द निवारक दवा खाता है तो दर्द का कारण बने काक्स-1 एंजाइम के साथ लाभदायक एंजाइम काक्स-2 भी नष्ट हो जाता है।
इस कारण से शरीर में गंभीर बीमारियां जन्म लेती हैं। शरीर की रासायनिक संरचना ऐसी होती है कि उसमें लीवर सहित सभी अंगों को ठीक करने के लिए लुब्रीकेंट्स की जरूरत होती है।