राजधानी लखनऊ के अधिकतर स्कूल एक जुलाई से खुल गए हैं। हालांकि परिषदीय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय 15 दिन पहले ही खुल चुके हैं। यूपी बोर्ड के सभी स्कूल शुक्रवार से खुल गए। सीबीएसई व सीआईएससीई के कुछ विद्यालय और मिशनरी स्कूल चार जुलाई से खुलेंगे।
शुक्रवार को शहर में माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए और दुलार प्यार कर उन्हें गेट के अंदर भेजा। स्कूलों के खुलने के समय में भिन्नता रही। 7:30 से 8 बजे तक के बीच स्कूल खुले। इसके साथ ही स्कूलों में चहल-पहल शुरू हो गई है।
यूपी बोर्ड के सभी स्कूलों को आठ बजे खोलने का निर्देश दिया गया है। इनमें राजकीय, सहायता प्राप्त से लेकर सभी निजी स्कूल भी हैं। डीआईओएस डॉ. अमर कांत सिंह ने स्कूलों में छात्रों के नामांकन कराने के निर्देश दिए हैं। सभी छात्रों को बुलाकर नामांकन कराने के निर्देश दिए हैं।
अवध कॉलेजिएट के प्रबंधक सर्वजीत सिंह ने बताया कि स्कूल दो शिफ्ट में चलेंगे। सुबह आठ से 11:30 और 11 से चार बजे तक। पायनियर मांटेसरी स्कूल की प्रधानाचार्य शर्मिला सिंह ने बताया कि सभी कक्षाएं सुबह आठ बजे से लगेंगी। वहीं, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के चेयरमैन सर्वेश गोयल ने बताया कि बृहस्पतिवार से कक्षा छह से 10 और 12 तक की कक्षाएं शुरू हो गईं। एक से पांच और कक्षा 11 की क्लासेज चार जुलाई से चलेंगी।
उधर, यूपी बोर्ड के स्कूल खुल तो रहे हैं, लेकिन अभी तक बोर्ड ने नए सत्र की किताबें मुहैया नहीं कराई हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को पुरानी किताबों के साथ स्कूल जाना पड़ेगा।