प्रदेश में पंचायत चुनाव को देखते हुए यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव किया जा रहा है। बोर्ड की ओर से पंचायत चुनाव पूरा होते ही परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। बोर्ड की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं मई में पूरी करने की तैयारी हैं। सूत्रों की मानें तो परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है, एक दो दिन में घोषणा कर दी जाएगी।
यूपी बोर्ड की ओर से हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पहले 24 अप्रैल से 12 मई के बीच होनी थीं, अब पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया तीन अप्रैल से शुरू होने और पूरी चुनाव प्रक्रिया दो मई तक पूरी होने के बाद सरकार ने यूपी बोर्ड परीक्षा कराने का फैसला किया है। सूत्रों की मानें तो नए कार्यक्रम के अनुसार मई के पहले हफ्ते से यूपी बोर्ड परीक्षाएं शुरू होकर मई के अंतिम सप्ताह तक पूरी हो जाएंगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों में हिंदी व प्रारंभिक हिंदी विषय की परीक्षा से ही शुरुआत हो सकती है।