28 अक्टूबर को छठ महापर्व के अवसर पर मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। शासन के आदेश पर जिलाधिकारी कार्यालय ने इसका आदेश जारी किया है। मंगलवार को सभी सरकारी, अर्द्ध-सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।
मंगलवार को सरकारी अस्पतालों में ओपीडी दोपहर 12 बजे तक, यानी आधे दिन ही चलेगी। वहीं, सरकारी चिकित्सा संस्थानों में ओपीडी रोज की तरह सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक संचालित होगी।
केजीएमयू प्रवक्त प्रो. केके सिंह ने बताया कि अवकाश का ओपीडी के संचालन पर कोई असर नहीं रहेगा। बलरामपुर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि अवकाश की वजह ओपीडी सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे के बीच चलेगी। 11 बजे तक परचे बनाए जाएंगे। इसके बाद पर्चे नहीं बनाए जाएंगे।
नगर निगम में रहेगा अवकाश
नगर निगम के सभी कार्यालय मंगलवार को बंद रहेंगे। इस वजह से सामान्य कामकाज नहीं होंगे। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के बाद यह फैसला किया गया।
खुले रहेंगे बैंक
छठ पूजा के संबंध में अवकाश का असर बैंकों पर भी नहीं पड़ेगा। राजधानी के सभी सरकारी बैंक खुले रहेंगे। सभी सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों में सामान्य तौर पर कामकाज होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे डीआरएम ऑफिस रहेगा बंद
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का डीआरएम कार्यालय मंगलवार को बंद रहेगा, लेकिन उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का डीआरएम कार्यालय खुला रहेगा। ये जानकारी रेलवे प्रशासन ने दी है।