राजधानी में बच्चों की स्कूल फीस जमा करने के लिए जल्द ही आपको बैंकों में लंबी कतार लगाने से छुटकारा मिल जाएगा। आप अपने पड़ोस में ही ई-सुविधा केंद्र पर फीस जमा कर सकेंगे।
इसके बदले कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं देना होगा। प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ई-सुविधा एजेंसी अभिभावकों को यह सहूलियत एक दिसंबर से मुहैया कराएगी।
पहले चरण में राजधानी के 13 ई-सुविधा केंद्रों पर यह व्यवस्था शुरू होगी। ई-सुविधा के समन्वयक मोहन ठाकुर ने मंगलवार को बताया कि राजधानी की मिशनरी और पब्लिक स्कूलों की फीस ई-सुविधा केंद्रों पर जमा कराने की तैयारी चल रही है।
इसके लिए सभी स्कूलों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों से बात की जा रही है। अधिकतर ने इस पर सहमति जताई है।
उन्होंने बताया कि अभिभावकों को जो सुविधा बैंक में हासिल हो रही, वहीं ई-सुविधा केंद्र पर मुहैया होगी।
अभिभावक कैश या चेक से फीस जमा कर सकेंगे। फीस जमा करने के लिए ई-सुविधा केंद्र पर साफ्टवेयर में फेरबदल करना पड़ेगा।
13 जगहों पर बनेंगे ई-सुविधा केन्द्र
यह साफ्टवेयर नवंबर में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद एक दिसंबर से स्कूल फीस जमा होने का सिलसिला शुरू हो सकेगा। पहले चरण में 13 ई-सुविधा केंद्रों पर फीस जमा कराई जा सकेगी।
इंदिरा नगर के भूतनाथ मार्केट, अरविंदो पार्क, जानकीपुरम के इंजीनियरिंग कॉलेज, चौक के विक्टोरिया, लोहिया पथ, ओमेन पॉवर लाइन के निकट, राजाजीपुरम, आशियाना, ऐशबाग, अलीगंज पुरनिया, विभूतिखंड गोमती नगर, अमीनाबाद एवं हुसैनगंज पर स्कूल फीस जमा हो सकेगी।
ये सुविधा लॉरेटो कॉन्वेंट, कैथेड्रल स्कूल, डीपीएस, क्राइस्ट चर्च, लॉमार्टीनियर कॉलेज, सेंट फ्रांसिस, सेंड फिडलिस, सेंट एग्नेस लॉरेटो, सीएमएस और रानी लक्ष्मी बाई स्कूल में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को मिलेगी।
ये सभी शहर के जाने-माने मिशनरी और पब्लिक स्कूल हैं। इन स्कूलों में ई-सुविधा के जरिए फीस जमा कराने के लिए कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लिए जाएंगे।