सरोजनीनगर। बंथरा क्षेत्र में शनिवार की अपराह्न एक स्कूल बस चालक ने स्वर्ण शताब्दी ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक बंथरा गांव निवासी राम प्रकाश (45) अपनी पत्नी रामप्यारी, बेटे अतुल गौतम और अखिलेश गौतम के साथ रहकर पास के डबल पब्लिक स्कूल में बस चलाने का काम करता था। उनकी बेटी निधि और नेहा की शादी हो चुकी है। राम प्रकाश शनिवार सुबह करीब छह बजे घर से स्कूल गए। वहां से बस लेकर बच्चे लेने चले गए। स्कूल में बच्चे छोड़ने के बाद करीब 10 बजे खाना खाने के लिए घर जाने की बात कह कर स्कूल से चला गए, लेकिन घर नहीं पहुंचे। अपराह्न करीब 12:15 बजे हरौनी रेलवे स्टेशन और सई नदी के बीच बरगदिया बाबा मंदिर के पास डाउन लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली। बंथरा पुलिस ने छानबीन की तो मृतक के पास मिली आधार कार्ड की फोटो कॉपी और मोबाइल के जरिये उसकी पहचान बंथरा निवासी राम प्रकाश के रूप में हुई। मृतक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।