बस्ती में तीन सौ से ज्यादा सड़कों के निर्माण में परत दर परत घपले सामने आ रहे हैं। तमाम सड़कों पर स्वीकृत राशि से ज्यादा धन खर्च कर दिया गया, फिर भी सड़कें अधूरी हैं। बड़े पैमाने पर शासन की बिना किसी अनुमति के भी तमाम सड़कों पर राशि खर्च दिखा दी गई है। इसे सरकारी बजट को हजम करने की साजिश माना जा रहा है।
मामले की जांच प्रमुख अभियंता, ग्रामीण सड़क आरसी बरनवाल को सौंपी गई है। इस घपले के दायरे में एक-एक एसई व एक्सईएन, दो एई और 17 जेई हैं। इन सभी की भूमिका की अलग-अलग जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि रामजानकी मार्ग के किलोमीटर 8.9 के दाएं से भरोटी पांडे मार्ग के लिए जितनी राशि स्वीकृत की गई थी, उससे ज्यादा खर्च कर दी गई। यह ज्यादा राशि दूसरे मद से बिना किसी नियम-कायदे के ट्रांसफर की गई थी।
इसके बावजूद सड़क पूरी नहीं हुई। यही स्थिति जोगिया तालाब से बैदोलिया हियारूपुर लाला टोला मार्ग, लोहिया भारी से डैफरी मार्ग, रामजानकारी मार्ग से मनोवा संपर्क मार्ग और सिकंदरपुर-मसकनवा मार्ग समेत करीब 80 मार्गों पर मिली है।