लखनऊ। सर्वांग राठौर, चैतन्य निंबाकर, संकल्प यादव व अंश खुराना ने प्रथम जिला वीकेएस फाउंडेशन तैराकी चैंपियनशिप के पहले दिन यानी शनिवार को दोहरे स्वर्ण पदक जीते। इशकांत स्वीमिंग क्लब के सर्वांग राठौड़ ने बालक ग्रुप सी 50 मीटर फ्रीस्टाइल और 100 मीटर बैक स्ट्रोक में पहला स्थान हासिल किया।
इशकांत स्वीमिंग क्लब के ही चैतन्य निंबाकर ने बालक ग्रुप बी के 50 मीटर फ्रीस्टाइल व 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्णिम सफलता हासिल की। एलपीएस गोमतीनगर के संकल्प यादव ने बालक ग्रुप सी के 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में और 200 मीटर व्यक्तिगत मिडले में पहला स्थान हासिल किया। इशकांत स्वीमिंग के अंश खुराना ने बालक ग्रुप ए 100 मीटर बैक स्ट्रोक और 200 मीटर व्यक्तिगत मिडले में स्वर्ण पदक जीते।
पहले दिन के परिणामों में ग्रुप ए में बालक 50 मीटर फ्रीस्टाइल में एलेन हाउस वृंदावन के अंशुल मौर्या व बालिकाओं में डीपीएस गोमतीनगर की आहना तिवारी पहले स्थान पर रहे। ग्रुप डी में बालकों में 50 मीटर फ्री स्टाइल में सरस्वती विद्यालय के शुभम चौहान व बालिकाओं में ला-मार्टीनियर कॉलेज की आभा को पहला स्थान मिला।
100 मीटर बैक स्ट्रोक में बालक ग्रुप ग्रुप बी में अर्घोदीप विश्वास पहले स्थान पर रहे, जबकि बालिकाओं में ग्रुप ए में एलपीसी गोमतीनगर की भूमि प्रिया यादव, ग्रुप बी में लामार्टिनियर की रिधिमा गर्ग, ग्रुप सी में इशकांत स्वीमिंग की अंशिका श्रीवास्तव ने सबको पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। इससे पहले केडी सिंह बाबू स्टेडियम के तरणताल में आयोजित चैंपियनशिप का शुभारंभ डॉ. सीएम सिंह (निदेशक, राम मनोहर लोहिया मेडिकल इंस्टीट्यूट) और विशिष्ट अतिथि डा.राजेंद्र कपूर (पूर्व निदेशक, स्वास्थ्य) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया।
माैके पर वीकेएस फाउंडेशन के निदेशक शिवम विजय साहू, यूपी स्वीमिंग एसोसिएशन के निदेशक रविन कपूर, राकेश शुक्ला, संदीप मिश्रा एवं आशुतोष त्रिपाठी व अन्य मौजूद थे।