बाइक के टायर में फंसी साड़ी, सड़क पर गिरकर वृद्धा की मौत
लखनऊ। बाजारखाला में शनिवार को बाइक के टायर में साड़ी फंसने से सड़क पर गिरकर मालवीय नगर निवासी मुन्नी देवी (66) की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक भाग निकला।
मृतका के बेटे मनोज ने बताया कि मुन्नी देवी घर के बाहर पान-मसाले की गुमटी चलाती थीं। शनिवार दोपहर में घर के पास दुकान के लिए मसाला खरीदने पैदल जा रही थीं। घर के पास तेज रफ्तार बाइक मां के बगल से गुजरी। मां की साड़ी का पल्लू बाइक के टायर में फंस गया। संतुलन बिगड़ने से मां गिर पड़ीं और उनके सिर पर गहरी चोट आ गई। घरवालों ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया, वहां सोमवार को उनकी मौत हो गई। पति नारायण की मौत हो चुकी है।
अज्ञात वाहन से टकराकर वृद्धा की मौत
लखनऊ। गोसाईंगंज के काजी खेड़ा रटई गांव निवासी सीता (76) शनिवार शाम घर के बाहर टहलने निकली थीं। इस दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से वह जख्मी हो गईं। बेटे सुरेश ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया, वहां रविवार को उनकी मौत हो गई।