आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व सांसद संजय सिंह
- फोटो : amar ujala
लखीमपुर खीरी से वापस लौटकर कर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लखीमपुर के किसानों को कार से कुचलने की घटना के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस घटना ने साबित कर दिया है कि प्रदेश सरकार ‘मारो और मुआवजा दो’ की नीति पर चल रही है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर में किसानों की हत्या से जहां सारा देश गमगीन था. वहीं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री लखनऊ में अमृत महोत्सव का उत्सव मना रहे थे। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी भाजपा का एक भी नेता व मंत्री मृतक किसानों के परिजनों से मिलने तक नहीं गए।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बृहस्पतिवार को प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए आप सांसद ने केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी और उनके बेटे को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए बहुत ही शर्मनाक स्थिति है कि सुप्रीम कोर्ट तक आरोपितों को गिरफ्तारी न होने पर सवाल पूछ रहा है। पीड़ित परिवारों से हुई मुलाकात की चर्चा करते हुए आप सांसद ने कहा कि लखीमपुर की घटना में मारे गए तीनों किसानों के परिवारों कहना था कि मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे की गाड़ी से किसानों को रौंद कर मारा गया है।
उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई न होने से पीड़ितों में सरकार के प्रति रोष है। उन्होंने कहा कि मंत्री अजय मिश्रा द्वारा अपने बेटे को बचाने के लिए उसके मौके पर न होने की बात कही जा रही है, जो गलत है। उन्होंने मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने के साथ ही उनके बेटे आशीष मिश्रा को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कहा कि यदि मंत्री को बर्खास्त नहीं किया जाएगा तो घटना की निष्पक्ष जांच संभव नहीं है।
साथ ही उन्होंने पूरी घटना की जांच किसी वर्तमान जज से कराने की भी मांग की है। आप सांसद ने यह भी घोषणा की है कि वह अब बहराईच जाकर घटना में मारे गए किसान गुरविंदर सिंह और दलजीत सिंह के परिवार से मिलकर शोक संवेदना जताएंगे। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनकी लड़ाई लड़ने का भरोसा भी देंगे।
पूर्वांचल विकास मंच के अध्यक्ष आप में शामिल
इस मौके पर आप सांसद ने पूर्वांचल विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह समेत कई लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इनके अलावा गोण्डा केसपा जिला उपाध्यक्ष बृजेश सिंह, कानपुर के राहुल कटियार, सुभासपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरिहर राजभर और कांग्रेस के रिंकू अरोड़ा व गौरव आदि ने भी आप की सदस्यता ली।