बैठक में शामिल गृहमंत्री अमित शाह, जे पी नड्डा, बीएल संतोष व संजय निषाद।
- फोटो : amar ujala
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने सोमवार की रात गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से मुलाकात की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवास पर हुई इस मुलाकात में यूपी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे के साथ ही भाजपा गठबंधन को जीत दिलाने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों के जल्द समाधान पर भी बात हुई।
बैठक के बाद डॉ संजय ने बताया कि अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन गई है और अगली बैठक में गठबंधन का अंतिम प्रारूप तैयार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यूपी के सभी 75 जिला कमेटियों ने तय किया है कि विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी गठबंधन को जिताने में पूरी मदद करेगी।
डॉ. निषाद ने बताया कि बैठक में उनकी पार्टी की सभी मांगों पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सहमति जताई है। खास तौर से मझवार समुदाय के लोगों द्वारा उपनाम के तौर पर मांझी, केवट, मल्लाह, गोंड, राजगोंड आदि लिखने पर भी उन्हें मझवार जाति का प्रमाण पत्र निर्गत करने की व्यवस्था को लागू करने को लेकर निर्णायक चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही भाजपा हाईकमान के साथ अगली बैठक होगी जिसमें सीटों के बंटवारे समेत अन्य मुद्दों पर भी अंतिम फैसला लिया जाएगा।