17 अप्रैल से लखनऊ में अमर उजाला संवाद का मंच सजा है। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इस दो दिवसीय कार्यक्रम में राजनीतिक मुद्दों से लेकर फिल्मों, खेलकूद, राष्ट्रीय सुरक्षा, समाजसेवा, कला-संस्कृति समेत कई विषयों पर परिचर्चाएं हो रही हैं। इस दौरान देश-प्रदेश के विकास सहित अन्य मुद्दों पर बातचीत हो रही है।
अमर उजाला संवाद के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शानदार 77 वर्षों की इस यात्रा के लिए अमर उजाला परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम संवादी लोग हैं, दूसरी तरफ एकवादी लोग हैं। हम सब लोग संविधान से चलना चाहते हैं और कुछ लोग मन विधान से चलाना चाहते हैं।
विज्ञापन
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि नेताजी हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने विरासत में जो हम लोगों को समाजवाद दिया है और समाजवादी आंदोलन दिया है। हम सभी समाजवादियों की जिम्मेदारी है कि हम लोगों की अगले कई वर्षों तक उस आंदोलन को ले जाने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेसवे हमने दिए। समाजवादी पार्टी की सरकार ने 21 महीने में 323 किलोमीटर का 6 लेन एक्सप्रेसवे बनाकर दिखाया। देश का वो पहला एक्सप्रेसवे बना जिसपर आपतकालीन स्थिति में बड़े से बड़ा एयरक्राफ्ट उतार सकते हैं। जिस दिन उद्घाटन हुआ था, सुखोई, मिराज उतरा। हरक्यूलिस जैसा विमान भी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर उतरा।
विज्ञापन
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने यूपी की सड़कों की हालत खराब है। ये जो भाजपा की सरकार मे्ं एक्सप्रेस वे बन रहे हैं उनपर चलने में हालत खराब हो जाएगी। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया। आज उस एक्प्रेसवे पर चलेंगे तो देखेंगे कि उसपर मेंटेनेंस का काम चल रहा है।
'सपा सरकार ने छात्रों को लैपटॉप दिए, इनके मोबाइल घटिया'
उन्होंने आगे कहा कि सपा सरकार ने छात्रों को लैपटॉप दिए। जिससे उनको पढ़ाई में मदद मिल सके। जिन बच्चों को ये लैपटॉप मिले उनकी एक अलग कहानी है। वो कैसे पढ़े, पूरे परिवार को उससे पढ़ने का मौका मिला। एक लैपटॉप से एक बच्चा नहीं बल्कि कई लोग पढ़ें। हमने अपनी और नेताजी की फोटो लगाई। इस सरकार ने उसकी नकल की। ये मोबाइल पर अपनी फोटो लेकर आए। इन लोगों ने जो मोबाइल बांटे हैं वो घटिया हैं।
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार ने लखनऊ, आगरा, कानपुर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में मेट्रो दी। दिल्ली से यूपी को मेट्रो से हमने जोड़ा। भाजपा सरकार बताए इन्होंने कौनसी दी। इन्होंने मेट्रो का काम रोका हुआ है। हमने वाराणसी में में मेट्रो दिया था। इस सरकार ने प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र में मेट्रो नहीं बनने दी। इस सरकार ने वाराणसी में मेट्रो नहीं बनने दी। ये कहते हैं हम गोरखपुर में मेट्रो बनाएंगे। ये गोरखपुर में मेट्रो नहीं बनेगी। बारिश होती तो वहां नाव चलानी पड़ेगी। सोचिए सीएम अपने गृह जनपद का पानी नहीं निकाल पा रहे हो इससे बुरा ओर क्या हो सकता है।