बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित करने में विफल प्रशासन के खिलाफ नेशनल पैंथर्स पार्टी के क्रमिक अनशन में मंगलवार को सांबा के विधायक यशपाल कुंडल भी शामिल हो गए। वहीं, पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष एवं विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने बुधवार से जेल भरो आंदोलन शुरू करने की घोषणा की और कहा कि धरना नहीं लगेगा, लेकिन उनका अनशन जारी रहेगा।
अनशन पर बैठे विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि लोगों तक राहत पहुंचाने में सरकार पूरी तरह से विफल रही है। सरकारी तंत्र फेल हो गया है और आम जनता कराह रही है। गोदामों में पड़ा राशन सड़ रहा है। सड़कें टूटी हुई हैं और पानी के पाइप बह गए हैं। लोगों का संपर्क टूटा हुआ है और कई जगह पीने का पानी भी नहीं मिल रहा है। लोग भूखे मर रहे हैं।
नुकसान का सही आकलन नहीं हो रहा है और पहाड़ी जिले में प्रभावित लोगों के पास प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। गलत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिनमें मकान, माल-मवेशी का नुकसान हुआ है। उनके नाम भी नुकसान की सूची में दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और प्रशासन मात्र सौ की गिनती तक ही पहुंचा है।