समाजवादी पार्टी ने राजधानी लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट को लोगों को भ्रमजाल में फंसाने वाला करतब बताया। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि नौजवानों को सब्जबाग दिखाने के पीछे लोकसभा चुनाव से पूर्व भाजपा की रणनीति है। पर, जनता सच्चाई जानती है। अखिलेश यादव ने भी बार-बार कहा है कि अब समय आ गया है कि सच्चाई पर चर्चा होनी चाहिए।
चौधरी ने कहा कि भाजपा ने शानोशौकत के साथ निवेशकों के लिए मेला आयोजित किया। इसमें निवेशकों ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन इनमें कितने वादे हकीकत बनेंगे, यह कहना मुश्किल है। ऐसा लगता है कि प्रदेश की जनता खासकर नौजवानों को सब्जबाग दिखाने के पीछे लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा यह संयोग मात्र नहीं है। एक ओर भाजपा सरकार प्रदेश में विज्ञापन, शहर की साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च कर वाहवाही लूटने की कोशिश कर रही है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा का मातृ संगठन आरएसएस वाराणसी में प्रदर्शन करने के बाद अब पश्चिमी यूपी के मेरठ में तीन लाख से ज्यादा स्वयंसेवकों को जुटाकर शक्ति प्रदर्शन करने जा रहा है।