डॉ. कुमार विश्वास
आम आदमी पार्टी में शुरू हुई सियासी कलह के बीच बृहस्पतिवार को कवि सम्मेलन में हिस्सा लेने अमेठी आए डॉ. कुमार विश्वास ने स्वयं को देश की राजनीति का सबसे कम उम्र का आडवाणी बताया। कविता के माध्यम से अरविंद केजरीवाल पर प्रहार करने के साथ ही उन्होंने भाजपा व कांग्रेस पर भी चुटकी ली।
बेबाकी के लिए चर्चित डॉ. कुमार विश्वास ने कवि सम्मेलन के लिए सजे मंच से अपना सियासी दर्द बयां किया। राज्यसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी में शुरू हुई कलह को कविता के माध्यम से स्वीकार करने वाले कुमार ने कहा कि कोई और कहे इसके पहले वह खुद स्वीकार करते हैं कि वे देश की राजनीति के सबसे कम उम्र के आडवाणी हैं।
कुमार ने कहा कि वे जब भी अमेठी आते हैं एक संजय सिंह राज्यसभा पहुंच जाते हैं। पहली बार आए तो अमेठी नरेश संजय सिंह असम से राज्यसभा पहुंच गए और इस बार यहीं के संजय सिंह को दिल्ली से राज्यसभा जाने का मौका मिल गया। भाजपा पर चुटकी लेते हुए कुमार ने कहा कि उन्हें लेकर भाजपाइयों की सोच है कि नारियल बस टूटने वाला है।
कहा, भाजपाइयों को पता होना चाहिए कि नारियल टूटेगा तो उनके सिर पर भी गिर सकता है। नीरव मोदी के धन लेकर भाग जाने पर चुटकी लेते हुए विश्वास ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। कुमार ने मजाकिया लहजे में कहा कि जब भी पीएम लोगों के खाते में 15-15 लाख भेजने की तैयारी में होते हैं तभी कोई सारा रुपया बटोरकर विदेश भाग जाता है।