समाजवादी आवास योजना के तहत आवास विकास परिषद 5500 फ्लैटों का पंजीकरण लखनऊ में शुरू करेगा। इनमें से तीन हजार फ्लैट अवध विहार योजना और ढाई हजार फ्लैट वृंदावन योजना में बनाए जाएंगे।
लगभग 23 लाख रुपये कीमत के ये फ्लैट 800 वर्ग फीट में होंगे। आवास विभाग की रिसर्च के मुताबिक इस मूल्य के आशियानों की डिमांड राजधानी में अधिक है। इससे पहले 1500 आवास बनाए जाने का लक्ष्य था जिसे बढ़ाकर 5500 कर दिया गया।
26 जनवरी को पंजीकरण शुरू हो सकते हैं। समाजवादी आवास योजना का आगाज अब जल्द होगा। परिषद 5500 मध्यम वर्ग के परिवारों को छत मुहैया कराएगा। इन फ्लैट्स के ले आउट के साथ पंजीकरण का खाका खींचा जा चुका है। तय योजना के तहत 26 जनवरी से परिषद दफ्तर या विभाग की वेबसाइट के जरिए फार्म की बिक्री शुरू कर सकता है। समाजवादी आवास योजना के तहत प्रदेश में सबसे पहले लखनऊ में सस्ते फ्लैट्स बनेंगे।
शासनादेश के मुताबिक लखनऊ को मेट्रो सिटी मानते हुए योजना बनेगी तो यहां फ्लैट्स की कीमत 28 सौ रुपये प्रति वर्ग फीट के तौर पर तय होगी, नहीं तो 25 सौ रुपये प्रति वर्गफीट की दर से कीमत पर फ्लैट्स आवंटित हो सकेंगे। फ्लैट्स का क्षेत्रफल का 800 वर्गफीट होगा, फ्लैट में दो कमरे, एक किचन, एक बाथरूम, एक शौचालय और बालकनी होगी।