बाराबंकी में एक वैवाहिक समारोह में खाना बनाते समय एक व्यक्ति झुलस गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया जहां इलाज के नाम पर किसी ने जले पर नमक का लेप लगा दिया। ये सब देखकर डॉक्टर भी परेशान हो गए। युवक को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी प्रदीप का रविवार को तिलक समारोह था। यहां पर पुलाव बनाते समय गर्म पानी गिरने से लखनऊ निवासी कारीगर संदीप झुलस गया। इस दौरान कार्यक्रम में भी अफरा तफरी मच गई।
जब उसे इलाज के लिए सुबेहा सीएचसी ले जाया गया तो उसके घाव पर किसी ने नमक लगा दिया। इससे वहां पहुंचे डॉक्टर भी हैरान रह गए। इसके बाद प्राथमिक उपचार के लिए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। मामले पर एसओ अशोक यादव का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।