यूपी सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत जूनियर व सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों का वेतन बढ़ा दिया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को संशोधित वेतनमान का शासनादेश जारी कर दिया गया।
ये वेतनमान सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों के अनुसार निर्धारित किया गया है। शासनादेश आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, जालौन, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, सहारनपुर और बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेजों पर लागू होगा।
प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा रजनीश दुबे के अनुसार जूनियर रेजीडेंट फर्स्ट ईयर पीजी/डिप्लोमा का वर्तमान वेतनमान 15600-39100 रुपये ग्रेड पे 5400 है। इसे संशोधित करते हुए 56100-177500 किया गया है। इसी तरह जूनियर रेजीडेंट सेकंड ईयर और थर्ड ईयर को भी प्रस्तावित वेतनमान दिया जाएगा।
सीनियर रेजीडेंट फर्स्ट ईयर पीजी/डिप्लोमा जिनका मौजूदा वेतनमान 15600-39100 और ग्रेड वेतन 6600 था, उन्हें संशोधित वेतनमान 67700-208700 दिया जाएगा। इसी तरह सेकंड व थर्ड ईयर के डॉक्टरों का संशोधित वेतनमान तय किया गया है।