12वां राष्ट्रीय पुस्तक मेला 19 सितंबर से मोती महल लॉन में सजने जा रहा है। ‘गंगा’ को समर्पित पुस्तक मेले में व्यंग्यकार गोपाल चर्तुवेदी को साहित्यकार शिरोमणि सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
इन्हें सम्मान स्वरूप 11 हजार रुपये की धनराशि, अंग वस्त्र और स्मृतिचिह्न प्रदान किया जाएगा।
मेले की शान होंगे यहां लगने वाले 209 स्टॉल्स, जहां साहित्य के अलावा प्रतियोगिताओं, खेलकूद, अध्यात्म की पुस्तकें मिलेंगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुस्तकों का विमोचन भी होगा।
यह जानकारी सोमवार को रॉयल कैफे में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजकों ने दी। इस अवसर पर मेले का ‘लोगो’ का लोकार्पण भी किया गया।
आयोजक उमेश ढल ने बताया कि 28 सितंबर तक लगने वाले इस मेले में कुल 209 स्टॉल होंगे, जिसमें 180 प्रकाशक शामिल हैं।
डब्लूएचओ, विद्या प्रकाशन, तेज ज्ञान, श्राची ग्रुप सहित तमाम नए प्रकाशक मेले में नजर आएंगे। मेले का उद्घाटन राज्यपाल राम नाईक करेंगे।
महापौर दिनेश शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे। आयोजन समिति के देवराज अरोड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय पुस्तक मेला लखनऊ के अलावा कानपुर, बनारस, गोरखपुर और इलाहाबाद में भी लगाया जा रहा है।
प्रत्येक वर्ष की भांति स्थानीय लेखकों के लिए नि:शुल्क स्टॉल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दिन में बच्चों के लिए नृत्य, गीत-संगीत, कार्टून, सुलेख, फैंसी ड्रेस व पेटिंग की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
आयोजन द फेडरेशन ऑफ पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया व केटी फाउंडेशन की ओर से कराया जा रहा है।