सुब्रत रॉय खेलों के प्रमोटर थे।
- फोटो : अमर उजाला
सहारा श्री सुब्रत रॉय खेलों को प्रमोट करने में आगे थे। वह हर तरह के खेलों को प्रमोट करते थे। क्रिकेट में उनकी खास दिलचस्पी थी। टीम इंडिया की जर्सी में लंबे समय तक प्रायोजक के रुप में सहारा श्री का नाम ही जाता रहा है। क्रिकेट के मुकाबलों को देखने के लिए भी सहारा श्री स्टेडियम में जाया करते थे। कई मौके ऐसे भी हैं जब उन्होंने क्रिकेट टीम को लखनऊ स्थिति सहारा सिटी में इनवाइट किया।
क्रिकेट के अलावा भी उनकी दिलचस्पी दूसरे खेलों में थी। एक समय तक मुश्किलों में फंसी भारतीय हॉकी टीम को संवारने में सुब्रत रॉय ने अहम योगदान दिया। लखनऊ में लंबे समय तक सहारा के सहयोग से समय-समय पर कैंप आयोजित किया गया। एक और बड़ी उपलब्धि के तहत शहर में लगभग बंद हो चुकी प्रतिष्ठित शीशमहल क्रिकेट को भी जीवनदान देने में सहारा का अहम योगदान रहा।
सहारा से मिले सहयोग के बाद शीशमहल क्रिकेट का स्तर ही बढ़ गया और यहां देश के लिए खेलने वाले सभी प्रमुख क्रिकेटरों ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आकर अपने खेल से प्रशंसकों को रोमांचित किया। खेलों के विकास के लिए शहर में सीएसडी सहारा, बीकेटी और सीएसडी सहारा, गोमतीनगर में क्रिकेट ग्राउंड तैयार किए गए, जहां से युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को तराशा जा रहा है।