सीएम ग्रिड योजना का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। शहर को संवारने की महत्वाकांक्षी सीएम ग्रिड योजना के तहत अलीगंज में हो रहे यूटिलिटी डक्ट निर्माण कार्य के दौरान कार्यदायी संस्था की ओर से कुछ जगहों पर करीब 20 फीट गहरे मैनहोल के ढक्कन क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे। यह कार्य जलकल एवं सुएज से समन्वय स्थापित किए बिना कराए गए थे।
इस पर सुएज ने शनिवार को बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यदि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ें तो संभावित जोखिमों से बचा जा सकता है। ऐसा नहीं होने पर सीवर सफाई के कार्य में व्यवधान पैदा होता है। इस प्रकार की स्थिति सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील हो सकती है। पहले भी देखा गया है कि इस तरह की गैर-समन्वित गतिविधि पीडब्ल्यूडी एवं एनएचएआई द्वारा मुंशीपुलिया क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान की गई थी, जिसके कारण आज तक उस क्षेत्र में सीवर संबंधी समस्याएं बनी हुई है। यह अपेक्षा है कि नगर निगम और संबंधित विभाग इस मामले पर ध्यान दें और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करते हुए आगे की कार्रवाई करें। ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न रहे।