पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकालते ग्रामीण सफाई कर्मचारी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने बुधवार को पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली। कैसरबाग स्थित शहीद स्मारक से सैकड़ों कर्मचारियों ने दिवंगत डॉ. बीएन सिंह की प्रतिमा तक पैदल मार्च किया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को एक सूत्री मांग का ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष रामकिशन और महामंत्री मयंक के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रदर्शन के दौरान एनपीएस गो बैक के नारे लगाए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष बसंतलाल ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को प्रदेशभर में पंचायतीराज विभाग के सफाई कर्मचारी इसी मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे। यात्रा को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, राज्य कर्मचारी महासंघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ, यूटेक पेंशन बचाओ मंच और ऑल इंडिया एनपीएस कर्मचारी फेडरेशन समेत कई संगठनों ने समर्थन दिया। अन्य विभागों के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी भी यात्रा में शामिल हुए।
पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकालते ग्रामीण सफाई कर्मचारी।