लखनऊ। एलडीए की जनता अदालत में सीने पर मांगपत्र लगाकर फिर पहुंचे खदरा के सुरेश चंद्र ने बताया कि उनके घर के पास मोबाइल टावर लगा है। इससे निकलने वाली हानिकारक तरंगों से वे बीमार हो रहे हैं। उनकी पत्नी बीमार हो चुकी है। आबादी के बीच लगे मोबाइल टावर को हटवाने के लिए एक वर्ष से दौड़ रहे हैं। यह स्थिति तब है जब टावर को हटाए जाने का एलडीए की कोर्ट से आदेश भी हो चुका है।
कार्रवाई की उम्मीद से आए सुरेश चंद्र को एक बार फिर आश्वासन ही मिला। जनता अदालत में बृहस्पतिवार को कुल 23 मामले आए। इनमें से 10 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
लाजपत नगर के शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि बालागंज चौराहे के पास बने अवैध कॉम्प्लेक्स को तोड़ने का आदेश एक वर्ष पहले एलडीए ने दिया था। इसके विरोध में निर्माण करने वाले ने मंडलायुक्त से लेकर हाईकोर्ट तक अपील की, पर राहत नहीं मिली। फिर भी एलडीए कॉम्प्लेक्स को नहीं तोड़ रहा है। शैलेंद्र ने बताया कि अवैध निर्माण में फंसी उनकी जमीन बिल्डर नहीं छोड़ रहा है।
इब्राहिमपुर वार्ड के भाजपा पार्षद बृजमोहन शर्मा ने बताया कि उनके वार्ड में हरिहरनगर स्थित सरकारी जमीन पर कब्जा कर दबंग होटल बनवा रहे हैं। शिकायत पर कई महीनों से काम रुका था, जो 10 दिन से फिर शुरू हो गया है। उन्होंने एलडीए के इंजीनियरों की मिलीभगत का आरोप लगाया।
नेहरू एन्क्लेव की बाउंड्री बनवाने की मांग को लेकर आवंटी अंजू वार्ष्णेय एक बार फिर जनता अदालत में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि तीन महीने पहले मंडलायुक्त ने दीवार बनवाने का आदेश दिया था, पर अब तक ऐसा नहीं किया गया। पूर्व में टेंडर हुआ था। गांववालों के विरोध में काम बीच में रोक दिया गया।
पार्क पर न किया जाए निर्माण
आशियाना रेजिडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके पांडेय ने बताया कि योजना के सेक्टर-के में बड़ा पार्क है। यहां आसपास के सेक्टरों के भी लोग आते हैं। अब पार्क की जमीन पर कम्युनिटी सेंटर बनाने की तैयारी हो रही है, जबकि पूर्व में पार्क की जमीन पर निर्माण को लेकर रोक लगाई जा चुकी है। पार्क में मंदिर भी है, जिसमें एलडीए ने अपना पुजारी बैठा दिया है।
बड़े अधिकारी नहीं रहे मौजूद
राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण की तैयारियों के चलते एलडीए वीसी सहित अन्य बड़े अफसर जनता अदालत में मौजूद नहीं रहे। उनकी जगह एलडीए में तैनात विशेष कार्य अधिकारियों ने शिकायतों की सुनवाई की। इस बार शिकायतकर्ता भी कम आए।
एलडीए की जनता अदालत में समस्याएं लेकर पहुंचे लोग।
एलडीए की जनता अदालत में समस्याएं लेकर पहुंचे लोग।
एलडीए की जनता अदालत में समस्याएं लेकर पहुंचे लोग।
एलडीए की जनता अदालत में समस्याएं लेकर पहुंचे लोग।