मोहर्रम के मौके पर रविवार सुबह से ही पुलिस अधिकारी पुराने शहर व अन्य संवेदनशील स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाने में जुटे थे। इस बीच अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके विधान भवन में बम की सूचना देकर हड़कंप मचा दिया।
इंस्पेक्टर हजरतगंज आनंद कुमार शाही ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने दोपहर 1:39 बजे पुलिस कंट्रोल रूम कॉल करके विधान भवन में बम रखा होने की सूचना दी। इस पर बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वाएड को कॉल करने के साथ सचिवालय चौकी इंचार्ज सुभाष सिंह मौके पर पहुंचे।
सचिवालय सुरक्षा अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर चेकिंग कराई। इस बीच पुलिस कंट्रोल रूम कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना मोबाइल बंद कर लिया।
चौकी इंचार्ज ने झूठी सूचना देने वाले के खिलाफ केस दर्ज कराने के साथ संबंधित नेटवर्क कंपनी से कॉल डिटेल मंगाया है। मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेकर आरोपी की तलाश की जा रही है।