दिल्ली से पटना जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। घबराहट में सुबह 4.30 बजे जौनपुर में ट्रेन को रोका गया। आनन-फानन बम निरोधक दस्ता, आरपीएफ व जीआरपी को मौके पर भेजा गया।
करीब घंटेभर ट्रेन रुकी रही। सोमवार को उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अपर मंडल रेल प्रबधंक के मोबाइल फोन पर 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस में बम की सूचना मिली।
इसके बाद यह सूचना वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त को दी गई। जीआरपी ने बताया कि जब तक सूचना मिली, ट्रेन लखनऊ से रवाना हो चुकी थी। बम निरोधक दस्ते व श्वान दल ने तत्काल ट्रेन में जांच शुरू कर दी।
स्थानीय पुलिस, जीआरपी व आरपीएफ ने भी गहन पड़ताल की। जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, घबराहट में तमाम यात्री नीचे उतर आए।