नगर निगम सदन की बैठक में एलडीए बोर्ड के लिए चार सदस्यों के चुनाव के दौरान सोमवार को जमकर हंगामा व बवाल हुआ। सपा पार्षद दल के नेता के अपनी ही पार्टी के पार्षद का बैलट देखने पर कांग्रेस उम्मीदवार ने इसका विरोध किया। कांग्रेस उम्मीदवार के सपा पार्षद दल के नेता को देखने से रोकने पर सपा पार्षद वेल में आ गए और इसका विरोध करने लगे।
विज्ञापन
इसी बीच सपा के एक विवादित पार्षद आ गए और कांग्रेस उम्मीदवार के साथ धक्का मुक्की व मारपीट शुरू की। सपा पार्षद ने कांग्रेस उम्मीदवार को गालीगलौज करते हुए धक्का देकर गिरा दिया। बवाल बढ़ने पर सपा के पार्षद वेल में एकत्रित हो गए और जमकर नारेबाजी की। महापौर के काफी देर समझाने पर भी जब पार्षद शांत न हुए तो महापौर ने चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी और सदन छोड़कर चले गए।
सोमवार को महापौर डा. दिनेश शर्मा ने एलडीए बोर्ड के लिए चार सदस्यों के लिए चुनाव और जनसमस्याओं पर चर्चा के लिए सदन की बैठक बुलाई थी। सुबह 9.30 बजे शुरू होने वाला चुनाव दस मिनट देर से 9.40 पर शुरू हुआ। महापौर ने 15 मिनट का समय नामांकन के लिए दिया। सुबह 10 बजे तक नाम वापसी के लिए कहा।
विज्ञापन
इसके बाद सभी पार्षदों को मतदान पत्र वितरित किया गया। सुबह 11.04 बजे एमएलसी कांति सिंह ने पहला वोट डाला। जिसके बाद इब्राहिमपुर की पार्षद सुनीता यादव वोट डालने आईं। उन्होंने बैलट बॉक्स के पास ही खुले में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उस वक्त वहां पर सपा के दोनों उम्मीदवार फैसल नवाब व राजू गांधी भी खड़े हुए थे। खुला मतदान देखकर कांग्रेस उम्मीदवार ने इसका विरोध किया। जिसके बाद सपा व कांग्रेस दोनों दलों के पार्षदों ने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। करीब 10 मिनट तक हंगामा व शोरशराबा हुआ।
इस तरह बढ़ा विवाद
महापौर डा. दिनेश शर्मा ने दोनों दलों के पार्षदों को समझाकर शांत कराया। महापौर ने सभी दलों के उम्मीदवारों को बैलट बॉक्स व बूथ के आसपास न दिखाई देने की हिदायत देते हुए वहां से हटाया। उन्होंने तीनों दलों के नेताओं को ही अनुमति प्रदान की। जिसके बाद फिर से मतदान की प्रक्रिया चालू हुई। इसके बाद एमएलसी मधु गुप्ता, बुक्कल नवाब व डा. महेंद्र सिंह ने मतदान किया।
दस पार्षदों के मतदान करने के बाद अंबेडकर नगर प्रथम के पार्षद सुभाष चंद मतदान करने आए। सुभाष के खुला मतदान करने व सपा पार्षद दल नेता के बैलट पेपर देखने पर कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश सिंह चौहान ने विरोध करते हुए देखने से रोकने का प्रयास किया।
अपनी पार्टी के नेता को रोकने पर कुंवर ज्योति प्रसाद द्वितीय वार्ड के पार्षद अभय प्रताप सिंह गुड्डू बैलट बॉक्स के पास आ गए और रेशू को रोकने पर आपत्ति जताई। इसी बीच रामतीर्थ वार्ड के पार्षद अतुल यादव बंटू पहुंच गए और मुकेश सिंह चौहान से धक्का मुक्की करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। सदन में जमकर हंगामा व बवाल हुआ। इसी बीच बंटू ने मुकेश को धक्का देकर गिरा दिया। जिसके बाद सपा व कांग्रेस पार्षदों में तीखी नोंकझोंक होने लगी।
कांग्रेस पार्षद दल नेता ममता चौधरी ने बताया कि बंटू ने सदन की मर्यादा तार-तार करते हुए मारपीट व गालीगलौज किया। इस बीच हंगामा बढ़ने पर कांग्रेस उपदल नेता प्रदीप कनौजिया व भाजपा पार्षदों ने बीचबचाव किया। महापौर मंच से माननीय पार्षदों को समझाते रहे। मगर, सपा पार्षद नहीं माने और जमकर नारेबाजी की।
बंटू यादव मेज पर चढ़कर हंगामा करते रहे वहीं, सपा उम्मीदवार राजू गांधी ने बैलट बॉक्स उठा लिया। पार्षदों के शांत न होने पर महापौर ने चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी और सदन छोड़कर चले गए। महापौर के सदन से चले जाने के बाद भी सपा पार्षदों ने नारेबाजी जारी रखी।
कांग्रेस उम्मीदवार पार्षदों संग धरने पर बैठे
चुनाव की कार्यवाही के दौरान खुले मतदान का विरोध करने पर सपा पार्षद अतुल यादव बंटू द्वारा मारपीट व धक्का देकर गिरा देने से आहत कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश सिंह चौहान महापौर के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस पार्षद दल नेता ममता चौधरी, पार्षद प्रदीप कनौजिया समेत कांग्रेस के आठों पार्षद धरने पर बैठ गए। सभी सपा पार्षदों की गुंडई नहीं चलेगी और खुला मतदान अवैध है कहकर अपना विरोध जाहिर कर रहे थे।
इस बीच ममता चौधरी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष डा. रीता बहुगुणा जोशी को पूरी स्थिति से अवगत कराया। जिसके थोड़ी देर बाद वह मौके पर पहुंच गईं और सारी घटना की जानकारी ली। इसी दौरान अन्य पार्टियों के बड़े नेताओं का आना शुरू हो गया।
भाजपा के सांसद कौशल किशोर, विधायक आशुतोष टंडन, गोमती यादव, अरविंद त्रिपाठी गुड्डू, सपा के नगर अध्यक्ष मुकेश शुक्ला पहुंचे। नगर आयुक्त कार्यालय के मीटिंग कक्ष में सभी नेताओं ने काफी देर तक चर्चा की। बैठक में तीनों पार्षद दल नेता भी मौजूद रहे। मीटिंग के बाद महापौर ने बताया कि सभी पार्टियों के नेताओं से वार्ता के बाद चुनाव और सदन स्थगित कर दिया।
कांग्रेस उम्मीदवार ने महापौर से की गालीगलौज व बदतमीजी पार्षद साकेत शर्मा ने बताया कि सदन की कार्यवाही स्थगित करने के बाद महापौर जैसे ही त्रिलोक नाथ हाल से बाहर निकलकर गैलरी में आए। तभी कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश सिंह चौहान ने पीछे से आ धमके और महापौर को गाली देना शुरू कर दिया। भाजपा पार्षदों साकेत शर्मा, मुन्ना मिश्रा व पार्षद पुत्र व पूर्व पार्षद रामकृष्ण यादव ने इसका विरोध किया। लेकिन मुकेश के न मानने पर उनको पकड़कर किनारे किया। इसके बाद महापौर अपने कार्यालय के लिए चले गए। महापौर ने भाजपा पार्षदों को भी शांत रहने को कहा।
महापौर ने सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक करने के बाद प्रेस वार्ता की। जिसमें उन्होंने सदन में हुई इस शर्मनाक घटना को अफसोसजनक बताया।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान तीनों पार्टियों के नेता पार्षद दल ने सदन के अंदर हुई घटना पर अफसोस जाहिर किया। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने मीडिया के सामने कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश सिंह चौहान व सपा पार्षद दल नेता रेशू को गले मिलवाया।
महापौर को किया अधिकृत सभी दलों के बड़े नेताओं व सभी पार्षद दल नेताओं के साथ बैठक के बाद महापौर को सदन व चुनाव कराने के लिए अधिकृत किया गया। महापौर ने प्रेस ब्रीफिंग के बाद इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल्द ही तीनों दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
जिसमें सदन व चुनाव के बारे में निर्णय करूंगा। सपा पार्षद दल के नेता रेशू ने महापौर से सदन व एलडीए बोर्ड का चुनाव रमजान पर्व के बाद कराने की मांग की है। महापौर ने इस पर विचार करने को कहा।