फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: मारपीट के बाद घुरवारा चौकी में बवाल, आठ गिरफ्तार

Sun, 03 Nov 2024 03:31 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
पिटाई के बाद रिटायर्ड फौजी को लेकर जाती पुलिस। - फोटो : स्रोत-सोशल मीडिया
विज्ञापन
रायबरेली। दिवाली के दिन दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद घुरवारा चौकी में एक घंटे तक बवाल हुआ। चौकी प्रभारी व सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार करने और पिस्टल तानने के बाद पुलिस कर्मियों ने रिटायर फौजी को चौकी में बंद करके बेरहमी से पीटा। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मामले में रिटायर फौजी समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि रिटायर फौजी के पास से पिस्टल समेत अन्य सामान बरामद किया है।
विज्ञापन


डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सेंंदुरामऊ गांव निवासी एवं रिटायर फौजी इंदल सिंह के बेटे चाहत सिंह और घुरवारा निवासी राकेश सोनकर के बेटे शनिराज के बीच बृहस्पतिवार शाम किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। मौके पर पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर दोनों पक्षों को पकड़कर घुरवारा चौकी ले आई।

आरोप है कि इस दौरान रिटायर फौजी अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर चौकी में मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट करने लगे। चौकी प्रभारी हिमांशू मलिक ने रोकने का प्रयास किया तो उनसे भिड़ गए। चौकी प्रभारी के अलावा सिपाही अभिषेक यादव के साथ मारपीट करते हुए पिस्टल तान दिया। चौकी प्रभारी व सिपाही को चोटें आईं। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर कई थानों का पुलिस बल पहुंच गया।
विज्ञापन


आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने रिटायर फौजी को चौकी के अंदर बंद कर उसे बेरहमी के साथ इतना पीटा कि उसकी आंखों के पास काले निशान बन गए। रिटायर फौजी के साथ मारपीट की सूचना पर अन्य लोग पहुंच गए और हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया।

सीओ डलमऊ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि घुरवारा चौकी में हुए बवाल के मामले में एक पक्ष से रिटायर फौजी इंदल सिंह, गुड्डूू सिंह, चाहत सिंह, धीरेंद्र उर्फ धीरू सिंह, कुलदीप उर्फ दीपू सिंह, विनय सिंह और दूसरे पक्ष से शनि सोनकर व विकास पटेल को गिरफ्तार किया गया है।

रिटायर फौजी के पास से 32 बोर की पिस्टल के अलावा मारपीट में प्रयुक्त की गई लोहे की राड व डंडे बरामद किए गए हैं। रिटायर फौजी ने बरामद पिस्टल को लाइसेंसी बताया है। इसकी जांच कराई जा रही है कि वह लाइसेंसी पिस्टल है या नहीं।


प्रकरण में तीन एफआईआर दर्ज
मामले में एक पक्ष से डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सेंदुरामऊ निवासी उदयभान सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 31 अक्तूबर को उनका नाती चाहत सिंह शाम करीब चार बजे चचेरे भाइयों युवराज, धीरू व विशाल सिंह के साथ घुरवारा बाजार सामान खरीदने गया था।

घुरवारा निवासी शनि व उसके साथी पुरौली निवासी विकास पटेल ने मारपीट की। मामले में शनि व उसके साथी विकास पर केस दर्ज हुआ। दूसरे पक्ष से घुरवारा निवासी राकेश कुमार सोनकर ने तहरीर दी। आरोप लगाया कि उनका बेटा शनिराज अपने दोस्त विकास पटेल के साथ टॉक मोड़ के पास गया था। वहां युवराज, धीरेंद्र प्रताप सिंह, चाहत सिंह, विशाल सिंह ने मारपीट की। दोनों को गंभीर चोटें आई। इन सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

तीसरी एफआईआर घुरवारा चौकी इंचार्ज हिमांशू मलिक ने दर्ज कराई है। एफआईआर में कहा है कि सेंदुरामऊ निवासी इंदल सिंह, रणविजय सिंह उर्फ गड्डू सिंह, विनय सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धीरू, कुलदीप सिंह, चाहत सिंह, युवराज सिंह, विशाल सिंह व मीर मीरानपुर अल्हौरा निवासी गौरव चौहान ने चौकी में आकर दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव में पिस्टल से फायरिंग करने का प्रयास किया।


आतंकवादी के साथ भी नहीं करते ऐसा सलूक : रिटायर फौजी
रिटायर फौजी इंदल सिंह ने घुरवारा चौकी इंचार्ज और उनके मातहतों पर गंभीर आरोप लगाए। बताया कि घुरवारा चौकी के पास बच्चों के बीच मारपीट हुई थी। सूचना पर मौके पर पहुंचा था। चौकी इंचार्ज से सिर्फ यही बात कही थी कि चौकी के पास यदि घटना हो रही है तो वह उसे संभाल सकते थे।

बस इतनी सी बात पर चौकी प्रभारी, सिपाही अभिषेक यादव आदि पुलिसकर्मी उसे एक अलग कमरे में लेकर गए और बेरहमी से पीटा। इस घटना के बाद इतनी आत्मग्लानि हो रही है कि मैं आत्महत्या कर लूं। हम प्रदेश के मुख्यमंत्री से कहना चाहते हैं कि क्या रिटायर फौजियों के साथ ऐसा दुर्व्यवहार होना चाहिए। 24 साल सेना में नौकरी की। आज यह दर्द मिला। हम लोग आतंकवादी के साथ भी ऐसा नहीं करते है। पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तानने का आरोप गलत है।


घुरवारा चौकी इंचार्ज पर दर्ज हो मुकदमा
सवर्ण आर्मी के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह के साथ रिटायर फौजी के परिवार ने जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी दफ्तर का घेराव किया। सीओ सदर अमित सिंह को ज्ञापन देकर रिटायर फौजी की बर्बरतापूर्ण तरीके से मारपीट करने वाले घुरवारा चौकी प्रभारी हिमांशू मलिक समेत अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज व उनके मातहतों के चलते ही इतनी बड़ी घटना हुई।



दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। रिटायर फौजी ने चौकी पहुंचकर एक पक्ष के लोगों के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया था। बीच-बचाव में पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की गई। मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कर्मियों की तरफ से कोई ज्यादती की गई है तो इसकी भी जांच कराई जाएगी।
- संजीव कुुमार सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक



अखिलेश बोले, फौजियों के सम्मान में तो न्याय करें
रायबरेली। घुरवारा चौकी में रिटायर फौजी इंदल सिंह के साथ की गई मारपीट का मामला तूल पकड़ रहा है। सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक्स कर मुख्यमंत्री पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा है कि सेना में मेडल पाए एक फौजी के साथ जैसा हिंसक व्यवहार किया गया है वह निंदनीय है। मुख्यमंत्री जी कम से कम फौजियों के सम्मान में तो न्याय करें। देखना है पूरा थाना सस्पेंड होता है या फिर उस पर बुलडोजर चलाया जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें