सूबे में रविवार को चकबंदी लेखपाल परीक्षा में पेपर लीक होने की आशंका में कई स्थानों पर बवाल हुआ। ट्रेनों-बसों में तोड़फोड़ व आगजनी की गई। ट्रेन लेट होने से भड़के परीक्षार्थियों ने कौशांबी में दिल्ली-हावड़ा रूट को चार घंटे तक बाधित रखा। सुजातपुर स्टेशन में आग लगा दी।
मुरी एक्सप्रेस के पैंट्री कार से 2.80 लाख रुपये और खाने का सामान भी लूट लिया। जबकि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने किसी भी जिले से पेपर लीक होने से इन्कार किया है। सूबे के 71 जिलों में चकबंदी लेखपाल परीक्षा आयोजित की गई।
अमेठी के शाहगढ़ ब्लॉक के किटियांवा स्थित श्री निषादराज इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों ने समय से पहले ही कुछ लोगों को परीक्षा दिलाने का आरोप लगाते हुए परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। तो रायबरेली के शांति मनोहर इंटर कालेज मुराईबाग में अभ्यर्थियों ने पेपर का पैकेट खुला होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
वहां पुलिस की अभ्यर्थियों से तीखी झड़प हुई और पुलिस को उन्हें काबू में करने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ी। इस वजह से कई अभ्यर्थी परीक्षा दिए बिना ही लौट गए। ऐसी ही स्थिति जीआईसी जायस परीक्षा केंद्र पर हुई। यहां करीब 400 परीक्षार्थियों ने पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और फिर परीक्षा का बहिष्कार कर दिया।
उधर, कौशांबी में मूरतगंज के सिकंदरपुर बजहा केंद्र में पर्चा लीक होने से गुस्साए परीक्षार्थियों ने तोड़फोड़ के साथ हाईवे जाम कर दिया और एक बस में आग लगा दी। पुलिस ने लाठीचार्ज पर उन्हें हटाया। इसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए। वहीं औरेया में गलत आंसरशीट बांटने और पेपर आउट होने की अफवाह पर हंगामा हुआ।
शिकायतों के संबंध में मांगी गई रिपोर्ट
इस पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव महेश प्रसाद का कहना है कि चकबंदी लेखपाल परीक्षा में कहीं भी पेपर लीक या आउट नहीं हुआ है। व्यक्तिगत रूप से जिलाधिकारियों से बात की गई है और उनसे शिकायतों के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है।
उन्नाव में आंसरशीट गायब होने से परीक्षा में देरी
उन्नाव में आंसरशीट गायब होने से परीक्षा 40 मिनट देर से शुरू हुई। हमीरपुर में प्रवेशपत्र में परीक्षा केंद्रों का नाम स्पष्ट रूप से न लिखे जाने से तमाम परीक्षार्थी भटकते रहे। गोरखपुर में अभ्यर्थियों ने बसों में तोड़फोड़ की। महराजगंज, देवरिया में भी हंगामा किया।
वृंदावन में आंसरशीट फाड़ने की रिपोर्ट दर्ज
आगरा में दिनभर पेपर लीक होने की अफवाह उड़ती रही। एटा के एक केंद्र पर कॉपी बदलने को लेकर हंगामा हुआ। वृंदावन के एक केंद्र पर परीक्षार्थी के खिलाफ आंसरशीट फाड़ने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
बांदा में पेपर फाड़ने के साथ परीक्षा का बहिष्कार
बांदा के बबेरू स्थित सनराइज पब्लिक आवासीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर आंसरशीट में कोड की गड़बड़ी से नाराज परीक्षार्थियों ने पेपर फाड़ने के साथ परीक्षा का बहिष्कार किया। परीक्षार्थियों ने गाली-गलौज के साथ बदसलूकी किए जाने का भी आरोप लगाया।
अमेठी समेत चार जिलों के सात केंद्रों की परीक्षा रद्द
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने चकबंदी लेखपाल परीक्षा में सात केंद्रों पर अव्यवस्था स्वीकार करते हुए परीक्षा रद्द कर दी है। ये परीक्षा केंद्र अमेठी, बस्ती, बांदा और चंदौली जिलों में है। आयोग ने डीएम की संस्तुति पर इन केंद्रों पर फिर से परीक्षा कराने का फैसला किया है।
आयोग के सचिव महेश प्रसाद ने बताया कि अमेठी में निशादराज इंटर कॉलेज कटियांवा अमेठी, राजकीय इंटर कॉलेज जायस तिलोई, बस्ती जिले में श्रीराम आसरे मिश्र इंटर कॉलेज भरवलिया और शबनम हायर सेकेंड्री स्कूल पुर्सिया, चंदौली में त्रिपुरारी इंटर कॉलेज पचफेड़वा और जय बजरंग इंटर कॉलेज तारापुर व बांदा के सनराइज पब्लिक स्कूल बबेरू परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था की वजह से परीक्षा नहीं हो पाई।
उन्होंने बताया कि इन केंद्र पर परीक्षा का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा। इन जिलों के बाकी केंद्रों व अन्य जिलों में सकुशल परीक्षा संपन्न हुई है।