लखनऊ। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत राजधानी के 1576 निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए रिकाॅर्ड आवेदन आए हैं। रविवार देर शाम तक जारी आंकड़ो के अनुसार, 21,000 सीटों के सापेक्ष में 16,000 आवेदन हुए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार, पहले चरण में प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 16 फरवरी रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि पहले चरण की प्रक्रिया में जिस तरह से अभिभावकों ने रुचि दिखाई है वह बीते कई वर्षें की अपेक्षा अधिक है। आरटीई के तहत जारी अधिसूचना के अनुसार, पहले चरण में मिले कुल आवेदन और दस्तावेज जांच के बाद 18 फरवरी को लॉटरी जारी की जाएगी। इसके आधार पर होने वाले प्रवेश के बाद यदि सीटें खाली रहती हैं तो अगले चरण में प्रवेश के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बीएसए ने बताया कि आरटीई के मानक के अनुसार, तीन से चार साल उम्र के बच्चों की नर्सरी में, चार से पांच साल उम्र के बच्चों की एलकेजी में और छह से सात साल के उम्र बच्चों को पहली कक्षा में प्रवेश का मौका मिलेगा। सभी प्रक्रिया ऑनलाइन आवेदन के आधार पर होगी। आवेदन के संबंध में किसी तरह की जानकारी के लिए अभ्यर्थी आरटीई की वेबसाइट से अपडेट ले सकते हैं।