राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ काम के विस्तार से जहां उत्साहित है, वही संगठन से जुड़ने वाले लोगों को रोकने के लिए चिंतित भी। केंद्रीय कार्यकारी मंडल की शुक्रवार से यहां शुरू हो रही तीन दिवसीय बैठक में कोर कमेटी की स्वीकृति वाले विषयों के साथ यह मुद्दा भी चिंतन में शामिल रहेगा।
केंद्रीय कार्यकारी मंडल के विचारार्थ संभावित विषयों पर संघ के शीर्ष नेतृत्व ने विभिन्न विषयों पर अलग-अलग फोरम के साथ चर्चा के क्रम में गुरुवार को यहां क्षेत्र प्रचारकों से विचार-विमर्श किया।
इस दौरान उत्तर भारत सहित पश्चिम व दक्षिण के राज्यों में नियुक्त प्रचारकों ने लोगों में संघ से जुड़ने की बढ़ती ललक पर जहां संतोष जताया, वहीं इस बात पर चिंता भी झलकी कि काम बढ़ने के बावजूद प्रभाव नहीं बढ़ पा रहा है।
असम, मणिपुर सहित पूर्वोत्तर क्षेत्रों में संघ के कार्य विस्तार की फिक्र भी दिखी। यह भी कहा गया कि संघ की शाखाओं की संख्या बढ़ती जा रही है, पर इनमें नियमित आने वालों की संख्या नहीं बढ़ रही है। कुछ ने यह भी कहा कि युवाओं की दिनचर्या और उनके रहन-सहन के मद्देनजर कुछ संशोधन समय की मांग है, ताकि शाखाओं सहित अन्य गतिविधियों में प्रभावी भागीदारी दिखे।