राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की केंद्रीय कार्यकारी मंडल की बैठक 27 अक्तूबर से एक नवंबर तक रांची (झारखंड) में होगी। बैठक के एजेंडे में उत्तर प्रदेश में संघ परिवार के कामकाज की स्थिति और भविष्य की चुनौतियां पर चर्चा भी शामिल है। पिछले साल लखनऊ में हुई बैठक में तय काम और उन पर अमल की भी समीक्षा इस बैठक में होगी। इसीलिए उत्तर प्रदेश के लोगों को लखनऊ बैठक में लिए गए फैसलों पर अमल के ब्यौरे सहित बुलाया गया है।
लोकसभा चुनाव में यूपी में भाजपा को जबर्दस्त सफलता मिलने के बावजूद पिछले साल अक्तूबर में लखनऊ में हुई कार्यकारी मंडल की बैठक में सूबे को लेकर खासी चिंता जताई गई थी। साथ ही माहौल में हुए बदलाव का लाभ उठाते हुए संगठन के कामकाज को ज्यादा मजबूत बनाने की योजना बनाई गई थी।
इसमें मुख्य मार्गों के किनारे स्थित गांवों में संघ की शाखाओं का विस्तार और इन शाखाओं में दलितों व पिछड़ों की भागीदारी बढ़ाने का काम भी शामिल था। इसके लिए प्रचारकों को गांव व बस्तियों को गोद लेने के निर्देश दिए गए थे। स्वाभाविक रूप से रांची बैठक में इन सब पर हुए काम की समीक्षा होगी।
उठेगा आरक्षण का मुद्दा : देश में इस समय आरक्षण का मुद्दा काफी चर्चा में है। प्रमोशन में आरक्षण को लेकर यूपी मुख्य रूप से फोकस में है। अनुसूचित जाति के कर्मचारी प्रमोशन में आरक्षण की बहाली की मांग पूरी करने के लिए लोकसभा में लंबित संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं।