भगवा ताप नापने के काम पर मौसम की मार पड़ गई। कोहरे और धुंध के चलते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल का निर्धारित कार्यक्रम गड्ड-मड्ड हो गया।
एक तो देर और ऊपर से लखनऊ की सड़कों के जाम ने ऐसी स्थिति उत्पन्न कर दी कि उन्हें संघ परिवार के विशिष्ट लोगों के साथ अनौपचारिक विचार-विमर्श टालकर स्टेशन का रास्ता पकड़ना पड़ा।
भाजपा की जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार लखनऊ आए सहसरकार्यवाह को यहां सरस्वती शिशु मंदिर के एक भवन के लोकार्पण के साथ ही भाऊराव देवरस सेवा न्यास की बैठक में भाग लेना था।
इसके बाद संघ परिवार के प्रमुख लोगों के साथ उनका अनौपचारिक विचार-विमर्श प्रस्तावित था।
माना जा रहा था कि इस विचार-विमर्श के दौरान वे उत्तर प्रदेश की स्थिति को समझने की कोशिश करते।
साथ ही मोदी के प्रभाव का भी उत्तर प्रदेश की स्थितियों में आकलन करते, पर कोहरे के कारण उनकी गाड़ी लगभग तीन घंटे देर से लखनऊ पहुंची। इसके चलते उनके औपचारिक कार्यक्रमों में भी काफी विलंब हुआ।
भाऊराव देवरस न्यास की बैठक से निकले तो शहर में जाम के चलते उन्होंने भारती भवन या केशव भवन जाने के बजाय सीधे स्टेशन जाने का फैसला किया। उन्हें गुरुवार को इलाहाबाद में कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लेना है।