मोहनलालगंज। कस्बा पुलिस चौकी से सटे प्राचीन कालेबीर बाबा मंदिर परिसर के तीन मंदिरों के दानपात्र तोड़कर चोर करीब 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। आरोपियों ने परिसर में बने शनि मंदिर का दानपात्र तोड़ने का भी प्रयास किया लेकिन नाकाम रहे।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी संतोष ने रोशनदान टूटा और दानपात्रों से नकदी गायब देखी तो प्रबंधन को सूचना दी। मंदिर प्रबंधक देवेंद्र पांडेय ने बताया कि इससे पहले भी चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। मंदिर को दोबारा निशाना बनाए जाने पर कोषाध्यक्ष विजय कुमार द्विवेदी ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए।
इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मंदिर प्रबंधन से तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मंदिर परिसर में लगे कैमरे खराब हैं।