लखनऊ। एमबीबीएस में दाखिले का झांसा देकर झारखंड के डालटनगंज निवासी संतोष कुमार साहू से 18.25 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने विभूतिखंड थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
संतोष के मुताबिक, उन्होंने इंटरनेट पर स्टडी पाथवे कंसल्टेंसी की वेबसाइट देखी, जो एमबीबीएस प्रवेश का विज्ञापन कर रही थी। मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर अभिनव शर्मा ने बेटी को दाखिला दिलाने का आश्वासन दिया। आरोपी ने उनसे अलग-अलग खातों में कुल 18.25 लाख रुपये हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के नाम पर जमा कराए। दाखिला न होने पर छानबीन में फर्जीवाड़ा सामने आया। आरोपियों का गोमतीनगर स्थित कार्यालय बंद मिला। पड़ताल में पता चला कि जिस खाते में रकम जमा करवाई गई वह बिहार के समस्तीपुर निवासी संतोष कुमार का था। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।