लखनऊ। साइबर जालसाजों ने दो लोगों के मोबाइल हैक कर उनके बैंक खातों से 10.98 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ितों ने साइबर अपराध और गौतमपल्ली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अर्जुनगंज निवासी ज्ञानेंद्र कुमार राय के अनुसार उनका मोबाइल दो जून को लिंक पर क्लिक करने से हैक हो गया। उनके एचडीएफसी बैंक के दो खातों से दस लाख रुपये निकल गए। एक घंटे बाद उन्हें ट्रांजेक्शन के मेसेज मिले। इंस्पेक्टर बृजेश यादव ने बताया कि पीड़ित की रकम फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी तरह गौतमपल्ली निवासी राऊफूल हसन का मोबाइल भी पांच जून को हैक किया गया। ठगों ने उनके खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। गौतमपल्ली थाना प्रभारी विपिन सिंह के अनुसार, मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
ऑनलाइन ठगी से ऐसे बचें
किसी भी लॉटरी या नौकरी देने वाले अनजान लिंक को डिलीट कर दें।
लिंक खोलने से पहले यूआरएल की जांच कर लें।
शॉर्ट लिंक सीधे खोलने के बजाय सर्च इंजन का प्रयोग करें।
किसी संदिग्ध लिंक की पुष्टि करने के लिए सरकारी पोर्टल का इस्तेमाल करें।
(जैसा कि साइबर थाने के इंस्पेक्टर बृजेश यादव ने बताया)