उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। दीपावली व छठ पर तत्काल टिकटों में सेंधमारी व दलालों पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने खाका तैयार किया है। आरपीएफ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जो आरक्षण केंद्रों पर सीसीटीवी से नजर रखेगी। टिकट एजेंटों की जांच-पड़ताल के लिए टीम गठित कर कार्रवाई करेगी।
त्योहार शुरू होते ही तत्काल कोटे की सीटों पर सेंधमारी शुरू हो जाती है। लखनऊ से दिल्ली व मुंबई रूट की ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते यात्री तत्काल में सीट बुक करवाते हैं, लेकिन उनहें कन्फर्म सीट की जगह वेटिंग मिल रही है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार को भी लखनऊ से दिल्ली व मुंबई रूट की ट्रेनों में 152 सीटें रिक्त थीं, लेकिन यात्रियों को वेटिंग टिकट ही नसीब हुए। दलाल प्रतिबंधित सॉफ्टवेयरों के जरिए सेंधमारी करते हैं। ऐसे में उन पर रोक लगाने के उद्देश्य से आरपीएफ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरपीएफ टीमें बनाकर टिकट एजेंटों की जांच-पड़ताल करेगी। छानबीन करेगी तथा उनसे पूछताछ भी होगी। सादी वर्दी में टीमें यात्री बनकर एजेंटों द्वारा बुक कराए जाने वाले टिकटों की हकीकत को जांचेगी। वहीं दूसरी ओर चारबाग आरक्षण केंद्र सहित शहर के सभी रेलवे स्टेशनों पर बने आरक्षण केंद्रों में आरपीएफ सीसीटीवी के जरिए निगरानी करेगी। कतारों में लगने वालों पर नजर रखेगी। संदिग्ध दिखने वालों से पूछताछ भी करेगी।