रायबरेली। सड़क दुर्घटनाएं रोकने और लालगंज कस्बे में जाम की समस्या दूर कराने के लिए मंगलवार से वाहनों का रूट डायवर्जन होगा। कई अन्य मार्गों पर भी रूट डायवर्जन का निर्णय लिया गया है।
यातायात प्रभारी अजय सिंह तोमर ने बताया कि लालगंज से उन्नाव पर कस्बा लालगंज के अंदर भीड़भाड़ होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति रहती है। भारी वाहनों से दुर्घटनाएंं होती रहती हैं। ऐसे में रूट डायवर्जन किया गया है।
अब सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक व शाम चार बजे से शाम सात बजे तक समस्त भारी वाहनों को पानी की टंकी से रेलवे क्राॅसिंग रायबरेली रोड, रेल कोच होते हुए सुल्तानपुर खेड़ा तिराहा, कोरिहर, ढकिया चौराहा होते हुए अपने गतंव्य की ओर डायर्वट किए जाएगा।
रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर मुंशीगंज रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण के चलते रायबरेली की ओर आने वाले भारी वाहन मुराईबाग रेलवे क्रासिंग से जगतपुर होते हुए रायबरेली आएंगे। रायबरेली से डलमऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन जगतपुर होकर जाएंगे।
लखनऊ-कानपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग का निमार्ण कार्य होने के कारण झांसी एवं दिल्ली रोड से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर देहात के भौगनीपुर से घाटमपुर की तरफ डावर्वट किया जाएगा, जो चौडगरा फतेहपुर, लालगंज रायबरेली, बछरावां, मोहनलालगंज होकर लखनऊ की तरफ आ सकेंगे।
हमीरपुर-कबरई रोड से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर नगर के घाटमपुर से डायवर्ट किया जाएगा, जो चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज, रायबरेली, बछरावां मोहनलालगंज होकर लखनऊ की तरफ आ सकेंगे। झांसी एवं दिल्ली रोड से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर नगर के रामादेवी चौराहे से चौडगरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, जो फतेहपुर, लालगंज, रायबरेली, बछरावां, मोहनलालगंज होकर लखनऊ की तरफ आ सकेंगे।
कानपुर नगर से उन्नाव की तरफ आने वाले भारी वाहनों को उन्नाव के दही चौकी से डायवर्ट किया जाएगा, जो पुरवा मोह मौरावां, गुरुबख्शगंज, बछरावां. मोहनलालगंज होकर लखनऊ की तरफ जा सकेंगे। भारी वाहनों का रूट डायवर्जन अग्रिम आदेश तक चलता रहेगा।